रायबरेलीः-
उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित 09 दिवसीय मेले/प्रदर्शनी का आयोजन आर0डी0ए0 के सामुदायिक केंद्र विकास प्राधिकरण रतापुर रायबरेली में आयोजित किया गया। मा0 विधायक सलोन अशोक कुमार ने 09 दिवसीय मेले/प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विषाल कुमार यादव, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अमृता सिंह उपस्थित रही।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लगाए गए स्टॉलों का अतिथियों द्वारा भ्रमण कर अवलोकन किया गया एवं केंद्र सरकार व उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों एवं जनहित में क्रियान्वित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं/परियोजनाओं/कार्यों पर आधारित सूचना विभाग द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया गया। लगाए गए स्टॉलों के अवलोकन के दौरान मा0 विधायक द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की तथा बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया।
इसके पर्व लखनऊ में आयोजित मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया व उनके उद्बोधन को सुना गया। इसके पश्चात सभागार में दीप प्रज्वलित कर जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक/प्रमाण पत्र सहित प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाभी व प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, उद्योग विभाग के लाभार्थी किट आदि वितरित किया गया। सूचना एवं सांस्कृतिक विभाग के पंजीकृत दलों द्वारा कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।
मा0 विधायक सलोन ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदेश में सुदृढ कानून व्यवस्था स्थापित की गई है जिसके अनुसार अपराध तथा अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति प्रभावी रूप से लागू है। 7 बड़े महानगरों में पुलिस कमिश्नरेट की स्थापना के उपरांत पुलिसिंग, जनसमस्याओं के निस्तारण व अपराध नियंत्रण में गुणात्मक सुधार। वर्ष 2017 से अब तक एक भी सांप्रदायिक दंगा या जातिगत संघर्ष की घटना नहीं हुई। आत्मनिर्भर युवा के तहत निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के अन्तर्गत विभिन्न आयोगों एवं भर्ती बोर्ड द्वारा 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी। विगत 09 वर्षों में 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव से 1 करोड़ 10 लाख से अधिक युवाओं के लिए रोजगार व सेवायोजन के अवसर। 15 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरे। 60 लाख रोजगार सृजित।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। मानदेय वृद्धि का यह निर्णय आंगनबाड़ी सेवाओं की गुणवत्ता, पोषण अभियानों की प्रभावशीलता और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अपने नए इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ, सर्वाधिक एक्सप्रेसवे के साथ, सर्वाधिक मेट्रो के साथ, सर्वाधिक रेलवे नेटवर्क के साथ, सर्वाधिक जन सुविधाओं के साथ देश के अंदर अग्रणी राज्य बनकर के उभरा है।
मंच का संचालन एस0एस0 पाण्डेय द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 नवीन चन्द्रा, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, परियोजना निदेशक, डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्र, उपायुक्त (श्रम रोजगार) प्रमोद कुमार, उपायुक्त एन0आर0एल0एम0 सविता सिंह, उप निदेशक कृषि विनोद कुमार, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्या, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी, जिला दिव्यांगजन अधिकारी मोहन त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा सहित सम्बन्धित अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहे।
