रायबरेली। लियो कान्वेन्ट स्कूल, पूरे बाबा गोसाईं, बेला-भेला, उत्तरपारा में शनिवार को बाल दिवस बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंग-बिरंगे परिधानों में संगीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंध निदेशिका श्रीमती शुभ्रा सिंह ने कहा कि प्रतिवर्ष 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर याद करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ संस्कार एवं समान अवसर भी जरूरी हैं।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के जरूरतमंद बच्चों पूजा, सुएज, राजकिशोर, सुकमार, सुनीता, कांति, कोमल एवं अर्जुन सहित अन्य बच्चों को आमंत्रित कर प्रबंध निदेशिका श्रीमती शुभ्रा सिंह द्वारा वस्त्र वितरित किए गए। विद्यालय की ओर से यह सराहनीय पहल विगत कई वर्षों से निरंतर की जा रही है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुरभि सिंह, आचार्य द्विवेदी नगर, रायबरेली शाखा की प्रधानाचार्या श्रीमती दीपा तिवारी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम ने बाल दिवस के अवसर पर खुशियां बांटने और समाज के प्रत्येक बच्चे को समान सम्मान एवं अवसर देने का संदेश दिया।
