छात्राओं ने पारंपरिक परिधानों में मां दुर्गा की आराधना की
रायबरेली : रायबरेली के किलौली स्थित एसजेएस पब्लिक स्कूल में नवरात्रि और दशहरा के पावन अवसर पर दुर्गा पूजा और राम लीला उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्कूल के चेयरमैन रमेश बहादुर सिंह और प्रधानाचार्या अमिता पाण्डेय के मार्गदर्शन मे किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ दुर्गा की आरती के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने ‘दुर्गे-दुर्गे दुर्गति नाशिनी’ स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या अमिता पाण्डेय ने अपने संबोधन में नवरात्रि एवं दशहरा के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमें भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ते हैं। माँ दुर्गा की आराधना हमें बुराई पर अच्छाई की विजय, साहस, शक्ति और सदाचार का संदेश देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दुर्गा पूजन, माँ सीता स्वयंबर, राम वनवास, और रावण दहन रहा जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने तालबद्ध नृत्य, नाटक ने उत्सव में चार चाँद लगा दिए।पूरे कार्यक्रम में भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों का सुंदर संगम देखने को मिला। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने उत्सव को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के समापन के दौरान चेयरमैन रमेश बहादुर सिंह ने अपने वक्तव्य मे कहा कि ऐसे कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं तथा आपसी सद्भाव की भावना को प्रोत्साहित करना था। इस आयोजन ने विद्यालय परिसर को उत्साह, उमंग और भक्तिमय वातावरण से भर दिया।
इस दौरान विद्यालय के व्यवस्थापक अखिलेश सिंह समेत शिक्षक अनूप, रश्मि, श्वेता, दिव्या, रीतू, निर्भय, दीपक, धीरज, खुशबू, आकांक्षा, हिना, मधुलिका, रूपा समेत समस्त शिक्षक सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

