“रावण दहन और नौ देवी स्वरूपों की प्रस्तुति रही मुख्य आकर्षण”
रायबरेली। शहर के प्रभुटाउन स्थित राइजिंग चाइल्ड स्कूल में दशहरा एवं नवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान एवं रावण सहित रामायण के विभिन्न पात्रों की आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में नौ देवियों के स्वरूप में सजे बच्चों ने लघु नाटिका प्रस्तुत कर नारी शक्ति, भक्ति और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया। उनकी शानदार प्रस्तुति की उपस्थित लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राम दरबार की आरती एवं रावण दहन रहा। विद्यालय के प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव, एडवोकेट एवं प्रधानाचार्या सीमा श्रीवास्तव ने राम दरबार की आरती कर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव, एडवोकेट ने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, जो सदैव सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रधानाचार्या सीमा श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने, मंच पर अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने और भारतीय परंपराओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में श्रेयांशी, भव्या, गर्विता, छवि, सिद्धि, मानवी, अलौकिता, शिवांश, प्रांजल, मानस, आगमन, ब्रह्मलीन आदि बच्चों का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। कार्यक्रम का संचालन हरप्रीत कौर के द्वारा किया गया। उत्सव का समापन रावण दहन के साथ हुआ, जिसने बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी रविंद्र नाथ हरि, सावन गुप्ता सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

