रायबरेली।कानून का खौफ दिखा है। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में पुलिस और कुख्यात इनामिया बदमाश के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया और न्यायालय से फरार अपराधी नाहर नट उर्फ राहुल को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी। घायल हालत में बदमाश को मौके से दबोच लिया गया।पुलिस के मुताबिक आरोपी हत्या के प्रयास, लूट और कई संगीन वारदातों में वांछित था और 13 नवंबर को पेशी के दौरान जिला न्यायालय से फरार हो गया था। मुखबिर की सटीक सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी कर इस शातिर अपराधी को दबोच लिया। मुठभेड़ में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ है। घायल बदमाश का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
