लापरवाही से पानी नहीं छोड़ा जा रहा है,जिससे किसान परेशान है और हजारों बीघा फसल लगाने की राह किसान देख रहे

सतांव,रायबरेली योगी सरकार भले ही किसानों के हित में बात कर रही हो पर धरातल पर कुछ और ही किसानों को नसीब हो रहा है,इस प्रचण्ड गर्मी में जहां एक तरफ हर व्यक्ति परेशान है तो वहीं अब सिंचाई व नहर विभाग की लापरवाही से फसलों पर भी खतरा मंडराने लगा है। क्षेत्र के बड़े नहरों में पानी छोड़ दिया गया है,लेकिन जिन छोटी छोटी माइनरो से किसान अपने-अपने खेतों में पानी ले जाते हैं,उन छोटी माइनरों में नहर विभाग की लापरवाही से पानी नहीं छोड़ा जा रहा है,जिससे किसान परेशान है और हजारों बीघा फसल लगाने की राह किसान देख रहे हैं। बताते चलें कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों को अन्नदाता का दर्जा देती है पर इन किसानों का सुनने वाला कोई नहीं है,जिससे उन्हें अपनी ही फसल उगाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।ज्येष्ठ माह का एक तिहाई हिस्सा इस प्रचण्ड गर्मी के बीच बीत चुका है जिससे आम जनमानस के साथ-साथ जीव जन्तु भी परेशान दिखाई दे रहे हैं।अब इन अन्नदाताओं के फसल पर भी संकट मंडराने लगा है क्योंकि नहर विभाग की लापरवाही से छोटी-छोटी माइनरों में पानी अभी तक नहीं छोड़ा गया है,जिससे धान की रोपाई करने में बडी समस्या का सामना करना पड़ रहा है और फसल में देरी भी हो रही है।कहते हैं कि फसलों में सबसे ज्यादा अगर किसी फसल को पानी की जरूरत होती है तो वह धान की फसल होती है लेकिन नहर विभाग के आलाधिकारियों को इन अन्नदाताओं की गुहार नहीं सुनाई दे रही हैं और अपने-अपने कानों में रूई डालकर बैठे हुए हैं।अब देखने वाली बात यह होगी कि खबर प्रकाशित होने के बाद नहरों में पानी दिखाई देगा या फिर ऐसे ही किसान जूझते रहेंगे।
