पन्ना। जिले के मार्शल आर्ट क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अंतरराष्ट्रीय जु-जित्सु खिलाड़ी इरफान खान एवं हर्षिता विश्वकर्मा को “नशे से दूरी है जरूरी” कार्यक्रम के समापन समारोह में सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम नशे के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।समारोह में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित श्री ललित शाक्यवार (उप पुलिस महानिरीक्षक, छतरपुर रेंज), कलेक्टर पन्ना, एवं पुलिस अधीक्षक पन्ना द्वारा दोनों खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।इरफान खान, जो कि फिटनेस ट्रेनिंग एकेडमी पन्ना एवं मार्शल आर्ट क्लासेस के संचालक व मुख्य प्रशिक्षक हैं, लंबे समय से युवाओं को नशामुक्ति एवं खेल के माध्यम से अनुशासन का संदेश दे रहे हैं। वहीं, हर्षिता विश्वकर्मा, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं जु-जित्सु खिलाड़ी, युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई हैं।समारोह में दोनों खिलाड़ियों ने मंच से युवाओं को नशे से दूर रहने और खेल को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर जिले के कई अधिकारी, गणमान्य नागरिक, अभिभावकगण एवं युवा भी उपस्थित रहे।
