महराजगंज/रायबरेली: नगर पंचायत महराजगंज के समग्र विकास को लेकर अध्यक्ष सरला साहू और उनके पति प्रभात साहू लगातार प्रयासरत हैं। उनका उद्देश्य है कि, नगर क्षेत्र का अधिकतम विकास हो और सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुँचे।आपको बता दें कि, इसी क्रम में बीते शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष सरला साहू, उनके पति प्रभात साहू, लालगंज नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता गुप्ता, बछरावां अध्यक्ष रामजी वर्मा, डलमऊ अध्यक्ष ब्रजेश दत्त गौड़ तथा रायबरेली नगर पालिका से शत्रुघ्न सोनकर सहित अन्य चेयरमैनों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान सभी ने अपने-अपने नगरों के विकास से संबंधित समस्याओं और आवश्यकताओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं को अपनी आय के स्रोत बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि, मत्स्य पालन जैसी योजनाओं को अपनाकर, दुकानों का निर्माण कर तथा अन्य संसाधनों का बेहतर उपयोग कर नगर निकाय अपनी आमदनी बढ़ाएं, जिससे चौमुखी विकास संभव हो सके।इस अवसर पर नगर पंचायत महराजगंज की अध्यक्ष सरला साहू एवं प्रभात साहू ने मुख्यमंत्री को एक लिखित पत्र सौंपते हुए पेयजल व्यवस्था, जल निकासी प्रणाली एवं नगरोदय योजना के अंतर्गत लगभग 10 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की मांग रखी।
