महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के पूरे अहलादी मजरे मऊ गांव में स्थित पंचमुखी हनुमान जी महाराज की मूर्ति की चित्रकारी (रंग-रोगन) का कार्य क्षेत्रवासियों के सहयोग से प्रारंभ हो गया है। यह कार्य अमेठी जनपद के तिलोई निवासी एवं बसेरा आर्ट के प्रोपराइटर राजाराम कोविंद द्वारा किया जा रहा है।आपको बता दें कि, राजाराम कोविंद एक अनुभवी मूर्तिकार एवं चित्रकार हैं, जिन्हें भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी तथा तत्कालीन सिंचाई आयोग के अध्यक्ष के हाथों सम्मानित होने का गौरव प्राप्त है। उन्होंने बताया कि, अब तक वे 100 से अधिक मूर्तियों की चित्रकारी एवं साज-सज्जा का कार्य कर चुके हैं। मऊ गांव स्थित पंचमुखी हनुमान जी महाराज की यह 101वीं मूर्ति है, जिस पर वे कार्य कर रहे हैं।
राजाराम कोविंद ने बताया कि, वे दुर्गा जी, काली जी, गणेश जी, भगवान शंकर, हनुमान जी सहित अनेक देवी-देवताओं और साधु-संतों की मूर्तियों की चित्रकारी कर चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं क्रांतिकारियों की मूर्तियों की भी चित्रकारी करी है। वे दीवारों पर चित्रकारी और लेखन कार्य में भी दक्ष हैं।उन्होंने बताया कि, वर्ष 1990 में अमेठी जिले के कौहार (एचएल) क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी उनकी कला से प्रभावित हुए थे और उन्हें नगद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया था। इसके अलावा वर्ष 1993 में सिंचाई आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष एवं तिलोई रियासत के राजा मोहन सिंह द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया था।57 वर्षीय राजाराम कोविंद ने हाईस्कूल तक शिक्षा प्राप्त की है। स्कूली शिक्षा के दौरान ही उन्हें चित्रकला का शौक लग गया था और उन्होंने इसी क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का निर्णय लिया। तब से आज तक वे निरंतर चित्रकारी के कार्य से जुड़े हुए हैं, जिससे वे अपना खुशहाल जीविकोपार्जन कर रहे हैं।चित्रकारी एवं रंग-रोगन कार्य की देख-रेख मेला कमेटी के पदाधिकारियों शोभित मिश्रा, अशोक कुमर, राजकुमार नेता आदि द्वारा किया जा रहा है।
