छत्तीसगढ़ स्टेट हेड सुखदेव आजाद
जांजगीर-चांपा
आगामी दीपावली पर्व के अवसर पर नागरिकों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी सुश्री योग्यता साहू ने जनसामान्य से अग्नि सुरक्षा उपायों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है।
सुश्री साहू ने कहा कि दीपावली का पर्व तभी सार्थक होगा जब इसे सुरक्षा, संयम और स्वच्छता के साथ मनाया जाए। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया है कि केवल लाइसेंस प्राप्त विक्रेताओं से गुणवत्ता युक्त पटाखे ही क्रय करें तथा पटाखों का उपयोग खुले, हवादार एवं सुरक्षित स्थानों जैसे पार्क या मैदानों में करें।
सावधानी एवं सुरक्षा के प्रमुख निर्देश
पटाखे जलाते समय इमारतों, वाहनों और ज्वलनशील पदार्थों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
पास में पानी की बाल्टी, अग्निशमन यंत्र या रेत की बोरी अवश्य रखें।
बच्चों को पटाखे वयस्कों की देखरेख में ही चलाने दें।
सूती वस्त्र पहनने को प्राथमिकता दें; सिंथेटिक कपड़े आग जल्दी पकड़ लेते हैं।
जो पटाखा नहीं जलता, उसे दोबारा जलाने का प्रयास न करें, कुछ देर बाद पानी में डालकर नष्ट करें।
घर के अंदर, बंद कमरों, गैस सिलेंडरों या वाहनों के समीप पटाखे न जलाएँ।
स्वच्छ और सुरक्षित दीपावली के लिए पहल
जिला प्रशासन द्वारा इस वर्ष “सुरक्षित दीपावली स्वच्छ दीपावली” अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्कूलों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
नागरिकों को पर्यावरण-अनुकूल ‘ग्रीन क्रैकर्स’ के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे वायु एवं ध्वनि प्रदूषण में कमी लाई जा सके।
किसी भी आपात स्थिति में संपर्क करें
यदि किसी भी प्रकार की आगजनी या दुर्घटना घटित होती है, तो तत्काल जिला अग्निशमन नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें।
