रायबरेली। नवांगतुक मिल एरिया थाना प्रभारी निरीक्षक ने पहली ही कार्रवाई में इलाके के वसूली माफिया को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। आईटीआई शारदा नहर पर पिछले कई सालों से खुलेआम चल रही अवैध वसूली पर अब ताला लग गया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ऑटो, टेम्पो, लोडर, पिकअप, प्राइवेट और लग्जरी बसों से जबरन वसूली करता था। सूत्रों का दावा है कि इस वसूली से हर महीने संबंधित थाने तक 10 से 12 हजार रुपये पहुंचते थे। नगर पालिका परिषद और जिला पंचायत के ठेकों की आड़ में होती थी यह वसूली, और कई बार तो पुलिसकर्मियों के सामने ही वाहनों को रोककर पैसे ऐंठे जाते थे। पांच सालों में यह चौथी बार है जब यह शातिर आरोपी पकड़ा गया है। अनुमान है कि इस रैकेट से सालाना करोड़ों रुपये की वसूली होती थी। नए थाना प्रभारी की इस कार्रवाई से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है और वसूली गैंग में दहशत फैल गई है।
