छत्तीसगढ़ स्टेट हेड सुखदेव आजाद
जिला जांजगीर चांपा
निर्माण अवधि में आवागमन अस्थायी रूप से बंद, पंचायत ने लोगों से सहयोग की अपील की
जांजगीर। ग्राम पंचायत बोड़सरा से हाथीटिकरा तक नहर किनारे स्थित पहुँच मार्ग के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है। लंबे समय से ग्रामीणों की मांग पर इस मार्ग के जीर्णोद्धार की प्रक्रिया प्रारंभ हुई है। पंचायत द्वारा बताया गया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने तक इस मार्ग पर आवागमन अस्थायी रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि नहर किनारे का यह मार्ग ग्राम बोड़सरा और हाथीटिकरा के बीच आवागमन का प्रमुख साधन है। बरसात के दौरान मार्ग पर जलभराव और गड्ढों के कारण आवागमन में लगातार कठिनाइयाँ आ रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए पंचायत ने निर्माण कार्य की स्वीकृति दिलाकर अब इसका कार्य प्रारंभ करा दिया है।
निर्माण एजेंसी ने मार्ग को सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए मिट्टी भराई, सोलिंग, एवं लेवलिंग का कार्य प्रारंभ कर दिया है। कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात भी कही गई है ताकि ग्रामीणों को लम्बे समय तक बेहतर सुविधा मिल सके पंचायत ने आम नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य के दौरान इस मार्ग पर अनावश्यक आवाजाही से बचें और कार्यस्थल के समीप सावधानी बरतें। साथ ही यह भी आग्रह किया गया है कि कोई भी व्यक्ति निर्माणाधीन मार्ग के मूल स्वरूप में छेड़छाड़ न करे।
पंचायत ने भरोसा जताया है कि कार्य को शीघ्रता से पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद मार्ग को पुनः आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। ग्रामीणों ने पंचायत के इस निर्णय का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि आवागमन में सुगमता के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
